home page

शहडोल: पुलिस वाहन पर पथराव, शीशा टूटा

 | 
शहडोल: पुलिस वाहन पर पथराव, शीशा टूटा


शहडोल, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के जमुई गांव में शुक्रवार को बारात के दौरान हुए विवाद को शांत कराने पहुंची डायल-112 (एफआरवी-14) की टीम पर पथराव कर दिया गया। इस हमले में पुलिस गाड़ी के साइड का शीशा टूट गया, हालांकि वाहन में सवार पुलिसकर्मी और अन्य लोग सुरक्षित हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को जमुई गांव में एक बारात के दौरान बारातियों और घरातियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत डायल-112 को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। विवाद शांत होने के बाद पुलिस टीम मारपीट में घायल हुए दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही थी। गाड़ी अभी घटनास्थल से थोड़ी ही दूर पहुंची थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक उस पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे वाहन के साइड वाले शीशे पर लगा जिससे वह चकनाचूर हो गया। हमले के बाद आरोपी फरार हो गया।

डायल-112 में तैनात सहायक उप निरीक्षक शिवराज सिंह ने इस मामले की शिकायत सोहागपुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने सरकारी काम में रुकावट डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला