home page

बिलहरा हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, शराब के नशे में विवाद करने वाले बेटे की पिता ने की हत्या

 | 
बिलहरा हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, शराब के नशे में विवाद करने वाले बेटे की पिता ने की हत्या


सागर, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बिलहरा चौकी पुलिस ने एक अंधे हत्याकांड का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि 25 वर्षीय युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पिता ने ही की थी। आरोपित ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 4 जून को बिलहरा के खिरका मोहल्ला निवासी जमना अहिरवार ने सूचना दी थी कि उसका पुत्र सोनू अहिरवार घर के आंगन में मृत अवस्था में पड़ा है। युवक के सिर और माथे पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और बयानों में विरोधाभास मिलने पर संदेह मृतक के पिता जमना अहिरवार पर गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपित पिता ने बताया कि उसका बेटा सोनू शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर आकर परिजनों से विवाद करता था। घटना वाली रात भी उसने घर में झगड़ा और अभद्र व्यवहार किया था। इससे परेशान होकर उसने गुस्से में कपड़े धोने की लकड़ी की मोंगरी से बेटे के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपित के कबूलनामे के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के खुलासे में तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे