home page

कुख्यात गांजा तस्कर महिला को कस्टडी रिमांड पर लेकर पुलिस ने बरामद किया 23 किलो गांजा

 | 
कुख्यात गांजा तस्कर महिला को कस्टडी रिमांड पर लेकर पुलिस ने बरामद किया 23 किलो गांजा


नोएडा, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश गाैतमबुद्धनगर नगर जनपद में नोएडा के थाना फेस -1 पुलिस ने एक कुख्यात गांजा तस्कर महिला को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर 23 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। उक्त महिला ने पूर्व मे न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि थाना फेस- वन पुलिस ने गुरुवार को कुख्यात गांजा तस्कर महिला हेमा पत्नी संजय उर्फ बाबू को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया। उससे गहनता से पूछताछ की गई। महिला की निशानदेही पर सेक्टर आठ स्थित एक मकान से 23 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि गांजे की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि यह थाना फेस- वन में पंजीकृत एक मुकदमे में वांछित थी।

उन्होंने बताया कि यह महिला काफी दिनों से एनसीआर में अवैध रूप से गांजा बेचने के लिए कुख्यात है। इसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। यह कई बार पुलिस द्वारा गिरफ्तार की जा चुकी है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि इसी महिला के साथ सांठ-गांठ के संबंध में बुधवार को गौतमबुद्ध नगर में तैनात कांस्टेबल पुनीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह महिला मासूम बच्चों और महिलाओं को आगे करके गांजा बेचने के लिए कुख्यात है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी