जबलपुर: प्रधान आरक्षक से मारपीट का आरोप, टीआई पर गंभीर आरोप; दांत टूटा, मेडिकल रेफर
जबलपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शहपुरा ऑयल डिपो के पास रविवार की रात ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक लखन निषाद के साथ टीआई प्रवीण धुर्वे और उनके साथ पहुंचे लोगों द्वारा कथित मारपीट के आरोप का मामला सामने आया है। आरोप है कि मारपीट में प्रधान आरक्षक का एक दांत टूट गया, होंठ फट गया और आंख के पास चोट आई। उन्हें शहपुरा स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, नवरात्र के दौरान नो-एंट्री में ट्रकों को रोकने की ड्यूटी पर तैनात लखन निषाद ने पूजन सामग्री से भरे एक ट्रक को जाने से रोक दिया। ट्रक चालक के आग्रह पर उन्होंने उसे टीआई प्रवीण धुर्वे का मोबाइल नंबर दे दिया। चालक ने टीआई से ट्रक निकालने की अनुमति मांगी। आरोप है कि इसके बाद टीआई ने प्रधान आरक्षक से फोन पर गाली-गलौज की और कुछ देर बाद शासकीय वाहन से अधीनस्थों व निजी लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए।
प्रधान आरक्षक का आरोप है कि वहां कुछ लोगों ने उन्हें पीछे से पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की गई। घायल लखन निषाद ने अधिकारियों से भी शिकायत की है। उनका यह भी आरोप है कि बाद में शहपुरा थाने पहुंचने पर उन्हें अंदर प्रवेश करने और अपना वाहन लेने से रोका गया।
सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय यातायात पुलिस के एएसआई और अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। मामले में टीआई का पक्ष, वरिष्ठ अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया और विभागीय कार्रवाई की स्थिति सामने आना बाकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

