home page

जेवरात चोरी की जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला, होमगार्ड जवान घायल

 | 
जेवरात चोरी की जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला, होमगार्ड जवान घायल


जेवरात चोरी की जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला, होमगार्ड जवान घायल


सुपौल, 21 जून (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरघटी वार्ड-5 में शनिवार को जेवरात चोरी मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

घटना में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) विजय कुमार के साथ मारपीट की गई, जबकि उन्हें बचाने के प्रयास में होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-18 निवासी राकेश भगत के घर से लगभग एक सप्ताह पूर्व जेवरात की चोरी हुई थी। आरोप है कि परिवार के ही एक सदस्य ने घर से गहने चोरी कर अपने कुछ साथियों के साथ बेच दिए और प्राप्त राशि खर्च कर दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।

जांच के क्रम में पुलिस को पतरघटी निवासी अनिरुद्ध यादव के पुत्र आकाश कुमार की संलिप्तता की सूचना मिली। इसके बाद एसआई विजय कुमार पुलिस बल के साथ पूछताछ के लिए उसके घर पहुंचे।

बताया जाता है कि जब पुलिस आकाश कुमार को पूछताछ के लिए थाने ले जाने लगी, तभी आकाश, उसके भाई आशीष कुमार तथा अन्य परिजनों ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया।

एसआई विजय कुमार के साथ मारपीट की गई और उन पर लोहे की रॉड से हमला करने का प्रयास किया गया। इस दौरान एसआई को बचाने पहुंचे होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव के सिर पर लोहे की रॉड लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल जवान को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घायल होमगार्ड जवान तरुण कुमार यादव ने बताया कि एसआई पर दो बार लोहे की रॉड से वार किया गया। पहला वार उन्हें लगा, जबकि दूसरी बार एसआई को बचाने के दौरान रॉड उनके सिर पर लग गई, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। घटना के बाद पुलिस एक महिला को भी पूछताछ के लिए थाने लाई थी, जिसे बाद में छोड़ दिया गया।

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उधर अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज के चिकित्सक डॉ. श्रवण कुमार ने बताया कि घायल पुलिसकर्मी का प्राथमिक उपचार किया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र