बरोटीवाला में अज्ञात शव लापता युवक का निकला
सोलन, 27 मार्च (हि.स.)। जिला के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र में एक निजी कम्पनी में कार्यरत युवक राम लाल सन्दिग्ध परिस्थितियों में 18 मार्च से लापता हो गया था । वहीं पुलिस को बरोटीवाला में भटोलीकलां क्षेत्र में नाले के पास एक लावारिस युवक का शव बरामद हुआ । इस शव की पहचान करने के दौरान पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है । लावारिस लाश असल में लापता युवक राम लाल की निकली ।
पुलिस ने तफ्तीश में पाया कि राम लाल, निवासी गांव ठेड़ा एक निजी कंपनी में कार्यरत था और 18 मार्च से लापता था। पुलिस ने खुलासा किया है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि जानबूझकर मौत के घाट उतारा गया है । पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की शाम राम लाल ट्रक यूनियन बरोटीवाला गया था । वहां विनोद कुमार और बहादुर सिंह से उसकी मुलाकात हुई। तीनों ने मिलकर नशीले पदार्थ का सेवन किया और नशे की ओवर डोज के चलते राम लाल की मौत हो गई थी । आरोपियों ने साक्ष्यों को छिपाने और कानून को गुमराह करने के लिए रात के अंधेरे में शव को ट्रक में डाला और भटौलीकला मार्ग पर बने नाले के पास फेंक दिया, जिससे इसे एक सड़क हादसे में हुई मौत की वजह करार दी जा सके ।
पुलिस ने सभी साक्ष्यों के आधार पर इस अपराध पर से पर्दा उठाते हुए कहा कि यह सोची समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया था । राम लाल को जानबूझकर नशे की ओवरडोज दी गई थी । पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 105 ए और 238 के तहत केस दर्ज किया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है ।
पुलिस अधिक्षक बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि मुख्य आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत से चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी धर पकड़ के लिए पुलिस सम्भावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

