home page

चोरी की कई घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार

 | 
चोरी की कई घटनाओं का पुलिस ने किया खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार


देवरिया, 10 अप्रैल (हि.स.) । मईल पुलिस ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया । जबकि एक अभियुक्त फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि एक सूचना पर पुलिस ने ग्राम भटौली के दक्षिण पुलिया के पास से अभिषेक यादव उर्फ दुर्गेश व सतीश यादव उर्फ अभय निवासी नरियांव थाना मईल को गिरफ्तार किया। तीसरा अभियुक्त सत्यम यादव अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक सोनालिका ट्रैक्टर, चोरी की ट्रॉली, एक मोटरसाइकिल (हीरो ग्लैमर), दो गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, घरेलू मोटर पंप, 50 किलो गेहूं, दो जोड़ी पायल, चार साड़ियां तथा मंदिर की दानपेटी सहित अन्य सामान बरामद किया गया। यह सभी सामान अलग-अलग स्थानों से चोरी किया था।

क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि इन घटनाओं के संबंध में थाना मईल एवं थाना उभाव (जनपद बलिया) में विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी मामलों का खुलासा करते हुए संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे भी पकड़ने का दावा किया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार, उपनिरीक्षक महेंद्र मोहन मिश्रा, हेड कांस्टेबल सुभाष सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक