home page

सागर: 48 घंटे में डकैती का खुलासा, वीडियोग्राफर से लूट करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

 | 
सागर: 48 घंटे में डकैती का खुलासा, वीडियोग्राफर से लूट करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार


सागर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए डकैती की वारदात का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को फरियादी सोनू लोधी निवासी संजरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी चंदन रजक के साथ एक कार्यक्रम से वीडियोग्राफी कर लौट रहा था। रास्ते में राजस्थान ढाबा के पास काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर चाकू और डंडों के बल पर पैनासोनिक वीडियो कैमरा, निकोन फोटो कैमरा, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रहली के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। 12 अप्रैल की रात मुखबिर से सूचना मिलने पर ‘चना टौरिया’ सर्विस रोड पर घेराबंदी कर पुलिस ने पांचों आरोपियों को पकड़ लिया, जो मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेंद्र यादव (20) निवासी लहेदरा, अभिषेक ठाकुर (20), तुलसीराम अहिरवार (20) और सूरज पटैल (20) निवासी बम्होरी रेगुवां तथा रामानुज यादव (19) निवासी मरदनपुर (राहतगढ़) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन, पैनासोनिक वीडियो कैमरा, फोटो कैमरा, छह टच स्क्रीन मोबाइल फोन, एक धारदार चाकू, फरियादी का पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और 3360 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे घूमने के लिए किराये की स्कॉर्पियो लेकर निकले थे। सुनसान रास्ता देखकर उन्होंने वीडियोग्राफरों को निशाना बनाया और लूट की रकम आपस में बांट ली।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 310 बीएनएस और 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में गढ़ाकोटा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम दुबे, उनकी टीम और साइबर सेल के सौरभ रैकवार व हेमेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे