बाराबंकी: छेड़छाड़ के विराेध में आराेपित चालक ने की थी युवती की हत्या, गिरफ्तार
बाराबंकी, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने साेमवार काे एक आरोपित को चंदनापुर गांव के पास से गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। युवती को हैदराबाद पहुंचाने की बात कहकर अपने संपर्क में रखने वाले चालक ने छेड़खानी का विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी थी।
रामनगर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के अनुसार 16 अक्टूबर को युवती के लापता होने की शिकायत पर रामनगर थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। काफी तलाश के बाद 12 नवंबर को ग्राम कॉफ फतेहउल्लापुर के एक खेत में मानव कंकाल और कपड़े-चप्पल बरामद हुए थे। परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर उसकी पहचान अपनी लापता बेटी के रूप में की थी। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेजा था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मैनुअल इंटेलीजेंस और सर्विलांस की मदद से सुल्तानापुर निवासी सुशील कुमार उर्फ कटनू को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित पेशे से चालक है। युवती को अपने एक परिचित के पास हैदराबाद पहुंचाने की बात को लेकर दोनों के बीच बातचीत होती थी। घटना वाले दिन 16 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे दोनों पूर्व निर्धारित स्थान पर मिले थे। आरोपित युवती को ग्रामीणों की नजरों से बचाकर खेत के रास्ते ले गया, जहां नाले के किनारे उससे छेड़खानी शुरू कर दी। युवती ने विरोध करते हुए परिजनों को इसकी जानकारी देने की बात कही तो आरोपित ने पहले हाथ से और फिर दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को धान के खेत में छिपाकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दर्ज मुकदमे में हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले दुपट्टे और कपड़ों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। डीएनए रिपोर्ट आना अभी बाकी है। मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता और परिजनों की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

