जबलपुर: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पुलिस की सख्ती, ब्रीथ एनालाइजर से चेक कर नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
जबलपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान शुरू किया है। यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट का उपयोग न करना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण माना जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, सड़क हादसों में मरने वालों में लगभग 50 प्रतिशत दोपहिया वाहन चालक होते हैं, जिनमें अधिकांश हेलमेट नहीं पहनते।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देश पर 26 अप्रैल से 10 मई तक प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य करना है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अभियान के तहत पीओएस मशीन के माध्यम से अधिक से अधिक चालानी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, गंभीर उल्लंघनों के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रस्ताव भी भेजे जा रहे हैं। शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक व इंस्टाग्राम के जरिए भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में विभिन्न यातायात थानों की टीमों ने जसूजा सिटी, महाराजपुर फॉरेस्ट नाका और पाटन बायपास क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान हेलमेट न पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 129 व 194(घ) के तहत कार्रवाई करते हुए 109 वाहनों से 32,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही 19 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई।
वहीं, विशेष अभियान के तहत ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। यातायात और अन्य थानों द्वारा कुल 11 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि एनएचएआई टीम के साथ बरगी टोल प्लाजा पर चलाए गए अभियान में 2 और प्रकरण सामने आए। इस तरह कुल 13 मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा जागरूकता के तहत छोटी लाइन फाटक क्षेत्र में अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

