पुलिस ने भाई की हत्या के आरोपित को भेजा जेल
हमीरपुर 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली पुलिस ने स्यावरी गांव में हुए चर्चित हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपित को घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया ।
कोतवाल अनूप सिंह ने मंगलवार को बताया कि स्यावरी गांव निवासी देव सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनके बड़े पापा श्याम बिहारी अपने कमरे में सो रहे थे। उनके पिता हरदयाल उर्फ मुन्ना राजपूत ने धारदार बांका से गर्दन पर वार कर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपित के पुत्र की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपित हरदयाल उर्फ मुन्ना राजपूत को काशीराम कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक बांका भी बरामद किया है। कोतवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके भाई के महिला के साथ अवैध संबंध होने पर उसने भाई की हत्या की है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

