home page

एके-47 गैंग के सदस्य को पुलिस ने भेजा जेल

 | 
एके-47 गैंग के सदस्य को पुलिस ने भेजा जेल


हमीरपुर, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में इलाज के दौरान गिरफ्तार कर थाने लाने के उपरांत पुलिस ने शनिवार को एके-47 गैंग के सदस्य एवं अर्थ होटल में हुई मारपीट के आरोपित को हाईवे में संचालित धर्म कांटा के समीप से गिरफ्तारी दिखाकर अवैध शस्त्र रखने के मुकदमे में न्यायालय भेजा है। जहां से उसे जेल भेजा गया। इसके खिलाफ आधा दर्जन मुकदमे पूर्व से थाने में दर्ज हैं। सातवां मुकदमा अवैध शस्त्र रखने का दर्ज किया गया।

सुमेरपुर कस्बे के वार्ड संख्या 11 के निवासी पंकज विश्वकर्मा को गोली लगने के बाद कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां डॉ. शशांक ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया था। इसको रात में ही सदर अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया था। इस घटना की भनक जब पुलिस को लगी तो वह कानपुर जा पहुंची और इलाज कराते समय पंकज विश्वकर्मा को दबोच कर थाने ले आई।

शनिवार को पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी सात मई को हाईवे में बड़ा पावर हाउस के सामने संचालित धर्म कांटे के पास से दिखाकर एक अदद अवैध तमंचा 315 बोर,एक अदद जिंदा कारतूस, एक अदद खोखा बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस का तर्क है कि इसके तमंचे से छेड़छाड़ के दौरान हथेली में गोली लगी है। शनिवार को इसे न्यायालय में भेजा गया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। इसके खिलाफ पूर्व में छह मुकदमे दर्ज है। सातवां मुकदमा अवैध शस्त्र का दर्ज हुआ है। यह अर्थ होटल में 26 मार्च को हुई मारपीट के मुकदमे में फरार चल रहा था। इसको कस्बे में सक्रिय तथाकथित एके-47 गैंग के सरगना का दाहिना हाथ माना जाता है। दोनों कई मुकदमों में एक साथ पूर्व से नामजद हैं।

थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने शनिवार को बताया कि एके ४७ गैंग के सदस्य पंकज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। ये अर्थ होटल में मारपीट की एक घटना में फरार था। बताया कि इसके खिलाफ सात मामले दर्ज है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा