सुपौल मे 1,152 एमएल प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन बरामद, तीन गिरफ्तार
सुपौल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 1,152 एमएल प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान दो मोबाइल फोन और 3,540 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सदर थाना क्षेत्र के बलवा पुनर्वास वार्ड संख्या-15 निवासी मो. मकसूद आलम अपने आवास पर अवैध नशीले पदार्थ रखकर उसकी बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 1,152 एमएल प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन बरामद की। मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1,152 एमएल प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन के अलावा दो मोबाइल फोन और 3,540 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने इस संबंध में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, बरामद नशीली इंजेक्शन के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क और इसके अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए अनुसंधान जारी है।
पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति और वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जिले में इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

