पुलिस ने स्कॉर्पियो से बिहार भेजी जा रही अवैध शराब पकड़ी, चालक फरार
देवरिया, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जनपद की बनकटा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान शनिवार को एक कार पकड़ी है। उसमें भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई है। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया था, जिसकी तलाश की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इंगुरी सराय के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर गन्ने के खेत और झाड़ियों का सहारा लेकर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन से 32 पेटी अंग्रेजी शराब और 6 पेटी बीयर बरामद हुई।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 348 लीटर से अधिक बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

