home page

सुपौल में अंडे की दुकान से 100 ग्राम स्मैक बरामद, 15,770 रुपये नकद के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
सुपौल में अंडे की दुकान से 100 ग्राम स्मैक बरामद, 15,770 रुपये नकद के साथ युवक गिरफ्तार


सुपौल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शनिवार को जीवछपुर बाजार स्थित मस्जिद गली में एक अंडे की दुकान पर छापेमारी कर 100 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर) के साथ 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 15 हजार 770 रुपये नकद भी बरामद किए गए। गिरफ्तार युवक की पहचान जीवछपुर वार्ड संख्या-4 निवासी रोजित साफी के पुत्र मो. हकीम साफी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे भीमपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जीवछपुर बाजार स्थित मस्जिद गली में एक अंडे की दुकान से स्मैक की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में भीमपुर थाना के पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया।

गठित पुलिस टीम ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में जीवछपुर बाजार स्थित मो. हकीम साफी की अंडे की दुकान पर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान युवक के पास से 100 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा उसके पास से 15,770 रुपये नकद भी मिले। इसके बाद पुलिस ने युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भीमपुर थाना में कांड संख्या 180/26, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 21(B), 22(B), 27(A), 25 और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अब बरामद स्मैक के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, सुपौल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान जारी रहेगा। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र