home page

पुलिस ने किया आठ लाख का नशीला पदार्थ जब्त: महिला सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

 | 
पुलिस ने किया आठ लाख का नशीला पदार्थ जब्त: महिला सहित तीन तस्कर गिरफ्तार


जयपुर, 18 मार्च (हि.स.)। राजधानी जयपुर में ड्रग माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने बुधवार को झोटवाड़ा और बजाज नगर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 22.323 किलोग्राम गांजा और 33.45 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की है । जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है । वहीं कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी की राशि के तौर पर 2 लाख 71 हजार 800 रुपये बरामद भी बरामद किए है। फिलहाल पुलिस आरोपित तस्करों से पूछताछ करने में जुटी है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस कमिश्नर(ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन में सीएसटी टीम द्वारा की गई ।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह ने बताया कि पहली कार्रवाई झोटवाड़ा थाना क्षेत्र के आनंद विहार स्थित एक मकान में की गई । जहां पुलिस ने हनुमान रेजीडेंसी के पास दबिश देकर राहुल मालावत (25) और मैना देवी (55) को गिरफ्तार किया । इनके कब्जे से 4.50 लाख रुपये मूल्य का 22.323 किलो गांजा और 2,04,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं । आरोपी मूल रूप से गोविंदगढ़ के रहने वाले हैं और यहां किराए का कमरा लेकर तस्करी कर रहे थे । वहीं दूसरी कार्रवाई बजाज नगर इलाके में महावीर नगर रोड पर कन्नू की डेयरी के पास हुई । यहां से पुलिस ने पाली हाल महावीर नगर निवासी रामजीवन बिश्नोई (19) को गिरफ्तार कर उसके पास से 33.45 ग्राम एम.डी. जब्त की। जिसकी कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है । आरोपी के पास से तस्करी के 67 हजार 300 रुपये भी मिले हैं । पुलिस आरोपियों से अवैध मादक पदार्थ की खरीद—फरोख्त के बारे में पूछताछ करने में जुटी है।

सिंह ने बताया कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा । जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश