धौलपुर पुलिस की हाईवे पर छापेमारी,कार से अवैध गांजे की खेप पकडी
धौलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर धौलपुर पुलिस ने शनिवार तडके एक कार से अवैध गांजे की बडी खेप पकडी है। जिले के मनियां थाना इलाके में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा ले जा रहे दो आरोपिताें को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में जब्त किए गए 2 क्विंटल 61 किलो 11 ग्राम अवैध गांजे की कीमत करीब 1 करोड 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पडताल में चोरी छिपे कार से बल्लीगौडा आन्ध्रप्रदेश से राजस्थान के दौसा में अवैध गांजा तस्करी की बात सामने आई है।
जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि पुलिस को हाईवे पर सडक मार्ग से गांजा तस्करी के संबंध में इनपुट मिला था। इस सूचना पर मनियां सीओ खलील अहमद एवं थानाधिकारी मनियां अनिल कुमार गौतम ने पुलिस टीम के साथ आगरा- मुंबई नेशनल हाईवे पर थाना मनियां के गांव बगचौली खार मोड के पास छापा मार कार्रवाई की। पुलिस टीम ने हाईवे पर एक कार नम्बरी एपी 31-सीबी-1177 में दो व्यक्तियों द्वारा अवैध गांजा कुल बजन 261.11 किलोग्राम गांजे सहित पकडा। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम श्रीनिवास टी निवासी गांव रघुदेव पुरम थाना सीतानगरम जिला राजमण्डरी आन्ध्रप्रदेश तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम गेडम अमर चेतन्य निवासी रामाल्यम स्ट्रीट मुगल्या थाना सीतानगरम जिला ईस्ट गोदावरी आन्ध्रप्रदेश बताया। जिनके पास कार में मिले 11 प्लास्टिक के कट्टों में अवैध मादक पदार्थ गांजा बजन 261.11 किलोग्राम मिला। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में ओंनों आरोपियों ने अवैध गांजे को बल्लीगौडा से दौसा के लिए ले जाना बताया। प्रकरण में जब्तशुदा अवैध गांजे की बाजार कीमत करीब 1.30 करोड रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में पुलिस ने मनियां थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर अनुसंधान शरू किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

