home page

पुलिस ने पकड़ा 1.46 लाख रुपये का पटाखा, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
पुलिस ने पकड़ा 1.46 लाख रुपये का पटाखा, तीन आरोपित गिरफ्तार


धमतरी, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री और अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने धमतरी पुलिस ने तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में नगरी, मगरलोड और बिरेझर पुलिस चौकी की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। इस दौरान कुल एक लाख 46 हजार 500 रुपये मूल्य के अवैध पटाखे जब्त किए गए, वहीं अवैध शराब बिक्री करते एक युवक को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम फरसिया में घर स्थित दुकान में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री किए जाने की सूचना पर नगरी पुलिस ने निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में दबिश दी। यहां से आरोपित उदित नारायण सिन्हा (निवासी फरसिया) के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के लगभग एक लाख 30 हजार रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए गए। उसके विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम की धारा में मामला दर्ज किया गया है। इसी तरह मगरलोड में भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित भानूप्रताप साहू (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 3 मगरलोड के कब्जे से एक कार्टून में रखे 16 हजार 500 रुपये मूल्य के विभिन्न कंपनियों के पटाखे जब्त किए। इस मामले में विस्फोटक अधिनियम की धारा में वैधानिक कार्रवाई की गई है।

वहीं बिरेझर चौकी पुलिस ने ग्राम कंचना में नाला पुल के पास घेराबंदी कर प्रेम कुमार चतुर्वेदी (20 वर्ष), निवासी कंचना को अवैध रूप से देशी शराब बेचते रंगे हाथ पकड़ा। उसके कब्जे से 11 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 1,100 रुपये है, तथा बिक्री की रकम 150 रुपये सहित कुल 1,250 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

आरोपित के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों एवं अन्य विस्फोटक सामग्री का भंडारण या क्रय-विक्रय न करें। अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा