पैकिंग मशीन, रैपर और अन्य उपकरण जब्त, यूपी नंबर की कार भी मिली
दरभंगा 25 नवंबर (हि.स.)।
जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में बुधवार की शाम पुलिस ने छापेमारी कर प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार का खुलासा किया। इस दौरान कुल 951 बोतल कफ सिरप बरामद की गई, जिसकी मात्रा 95.1 लीटर बताई गई है।
मौके से सिरप की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले रैपर, खाली डिब्बे, ढक्कन, बोतल सील करने की मशीन, स्टेबलाइजर समेत अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। इसके अलावा यूपी नंबर की एक कार भी बरामद हुई।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान नारायणपुर निवासी मोहम्मद जूही एवं हाफिजुर रहमान के घर से कफ सिरप की बोतलें बरामद की गईं। वहीं, पैकिंग से संबंधित उपकरण राबिया परवीन के घर से मिले।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में स्व. हमीद के पुत्र मोहम्मद जूही को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य कारोबारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

