दरभंगा के हरियथ गांव में 81 लीटर विदेशी शराब बरामद, आरोपित फरार
दरभंगा, 06 नवंबर (हि.स.)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में दरभंगा जिला अंतर्गत अलीनगर थाना क्षेत्र के हरियथ गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में 81 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, हरियथ गांव निवासी संतोष मुखिया के फूस के घर में अवैध रूप से शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। छापेमारी के दौरान 375 एमएल की कुल 216 बोतलें बरामद हुईं। शराब 9 कार्टन में रखी गई थी, जिसकी कुल मात्रा 81 लीटर आंकी गई है।
कार्रवाई में गश्ती वाहन पर तैनात पीटीसी सुरेंद्र राम के साथ पुलिस बल के जवान एवं स्थानीय चौकीदार शामिल थे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी संतोष मुखिया मौके से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

