home page

फर्नीचर दुकान से 111.75 लीटर विदेशी शराब बरामद, दुकानदार गिरफ्तार

 | 

दरभंगा, 02 नवंबर (हि.स.)।

जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के पाली-मसवासी सड़क किनारे संचालित बाबा फर्नीचर दुकान से पुलिस ने 111.75 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में दुकान मालिक मसवासी निवासी स्व. सहरु शर्मा के पुत्र भीम शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बरामद शराब को विधिवत जब्त कर जब्ती सूची तैयार की। छापेमारी एवं जब्ती की पूरी प्रक्रिया का ई-साक्ष्य के रूप में वीडियो भी बनाया गया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर शराब कारोबारियों एवं शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra