home page

पुलिस ने 114 खोए-चोरी मोबाइल लोगों को लौटाए

 | 
पुलिस ने 114 खोए-चोरी मोबाइल लोगों को लौटाए


नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी गैंग स्क्वॉड, सदर्न रेंज और नॉर्दर्न रेंज-II की संयुक्त कार्रवाई ने कुल 114 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि डिजिटल युग में मोबाइल फोन केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि निजी डाटा, बैंकिंग जानकारी, फोटो और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अहम साधन बन चुका है। ऐसे में फोन खोने या चोरी होने पर लोगों को भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए क्राइम ब्रांच की विभिन्न इकाइयों ने तकनीकी और फील्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाया।

एंटी गैंग स्क्वॉड की उपलब्धि

क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त सुरेंद्र कुमार के अनुसार एंटी गैंग स्क्वॉड ने वर्ष 2026 में अब तक 33 खोए/चोरी मोबाइल फोन ट्रेस किए, जिनमें से 19 मोबाइल उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। इस सफलता में डब्ल्यू/एचसी रूबी, कांस्टेबल मनजीत और मनोज कुमार की टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम ने दूरसंचार विभाग के सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी निगरानी के जरिए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया।

सदर्न रेंज की तेज कार्रवाई

वहीं सदर्न रेंज की टीम ने भी विशेष अभियान चलाकर महज 15 दिनों में 31 मोबाइल फोन बरामद किए। 27 मार्च को इनमें से 10 मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए। इस टीम में एसआई राजेश, एसआई अनुराग, एएसआई जगत सिंह, एएसआई संदीप समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर विजय पाल दहिया ने किया। जबकि नॉर्दर्न रेंज-II ने भी 25 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद 50 मोबाइल फोन बरामद कर सभी को उनके मालिकों को सौंप दिया। 27 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में लोगों को उनके फोन लौटाए गए। इस अभियान में एसआई प्रदीप गोदारा, एसआई प्रीतम चंदर, हेड कांस्टेबल सुमेर सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस अधिकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीमों ने सीईआईआर पोर्टल, तकनीकी सर्विलांस और फील्ड वर्क के समन्वय से मोबाइल ट्रेस किए। लगातार निगरानी, डेटा विश्लेषण और ग्राउंड लेवल पर छापेमारी के जरिए यह सफलता हासिल की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी