सारण में 50 लड़कियों को नरकभरी जिंदगी से पुलिस ने कराया मुक्त
सारण, 15 मई (हि.स.)। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाले मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण के गहरे नेटवर्क पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी करवाई की है।
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के सख्त दिशा-निर्देशों पर गठित एक विशेष टीम ने जिले के विभिन्न थानों के अंतर्गत संचालित आर्केस्ट्रा केंद्रों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान बंधक बनाकर रखी गईं और भीषण प्रताड़ना झेल रही 50 नाबालिगों व युवतियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है।
जिले में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हो रहे अत्याचार को जड़ से मिटाने के लिए चलाए जा रहे आवाज दो विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा पिछले तीन दिनों से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में अब तक कुल 50 पीड़ितों को नरकभरी जिंदगी से आजाद कराया जा चुका है, जबकि इस काले कारोबार में संलिप्त 20 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया है।
एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 14 मई 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक कमजोर वर्ग तथा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मिले इनपुट के बाद एक हाई-लेवल संयुक्त टीम का गठन किया गया था। इस टीम का नेतृत्व एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और महिला थाना सारण ने किया। टीम में एएचटीयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल आनंद, महिला थानाध्यक्ष नेहा कुमारी और बचपन बचाओ आंदोलन एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के सदस्य मुख्य रूप से शामिल थे।
विशेष टीम ने रणनीति के तहत सहाजितपुर, गौरा, जलालपुर, मढ़ौरा और बनियापुर थाना क्षेत्रों में चिन्हित आर्केस्ट्रा ठिकानों की चौतरफा घेराबंदी की। अचानक हुई इस दबिश से संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इन ठिकानों पर न केवल भारत के विभिन्न राज्यों, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल से भी लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाया गया था। उन्हें डरा-धमकाकर और बंधक बनाकर जबरन आर्केस्ट्रा में डांस कराने के दलदल में धकेला गया था। 14 मई को रेस्क्यू की गई लड़कियों में नेपाल की आठ , झारखंड की दो, पश्चिम बंगाल की चार, उड़ीसा की दो, उत्तर प्रदेश एक, असम एक, मध्य प्रदेश एक और बिहार की एक पीड़ित लड़की शामिल है।
इन सभी को बेहतर काम का झांसा देकर इस व्यापार में लाया गया था। इस मामले में सारण पुलिस ने महिला थाना कांड संख्या-68/26 दर्ज की है। पकड़े गए आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट, बंधुआ मजदूर अधिनियम और आईटीपीए एक्ट की अत्यंत गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तस्करों में सोनपुर का गोलू कुमार, बनियापुर के सूरज शर्मा व रहीम शेख, उड़ीसा के राजा दास, ऋणि मलिक व कृष्णा बेहरा, असम का सोहिदुल ईस्लाम, पश्चिम बंगाल के महादेव रविदास, मितन जना व लतिका विश्वास और मध्य प्रदेश का प्रदीप जाट शामिल हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि वे इस सामाजिक बुराई के खिलाफ पुलिस का साथ दें। यदि आसपास किसी भी महिला या बच्ची का शोषण हो रहा हो तो तुरंत आवाज दो हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचित करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

