कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की पुलिस रिमांड पांच दिन बढ़ी
रायपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला और शराब घोटाला मामलों में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की पुलिस रिमांड अदालत ने शुक्रवार काे पांच दिन के लिए बढ़ा दी है। अब वे 22 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) की हिरासत में रहेंगे।
रामगोपाल अग्रवाल के अधिवक्ता फैसल रिजवी ने रिमांड बढ़ाए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि, ईओडब्ल्यू ने आगे की पूछताछ के लिए अदालत से पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड मांगी थी, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी।
गौरतलब है कि, रामगोपाल अग्रवाल को पहले कोयला घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में वे 9 दिन की पुलिस रिमांड पर थे। इसी दौरान ईओडब्ल्यू ने उन्हें कथित शराब घोटाला मामले में भी गिरफ्तार कर लिया। अब जांच एजेंसी दोनों मामलों में एक साथ पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईओडब्ल्यू विस्तारित रिमांड के दौरान वित्तीय लेनदेन, अन्य आरोपियों की भूमिका, दस्तावेजी साक्ष्यों और दोनों मामलों के आपसी संबंधों को लेकर रामगोपाल अग्रवाल से गहन पूछताछ करेगी। फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

