home page

जींद : प्रोपर्टी हड़पने काे तैयार करवाई फर्जी आईडी

 | 
जींद : प्रोपर्टी हड़पने काे तैयार करवाई फर्जी आईडी


जींद, 14 जनवरी (हि.स.)। नरवाना नगर परिषद में फर्जी प्रॉपर्टी आईडी तैयार किए जाने पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न मामला दर्ज किया है। पुलिस इस फर्जीवाड़े में नरवाना तहसील व नगर परिषद कर्मियों की संलिप्ता को भी जांचने का काम कर रही है। अगर कर्मचारियों की इस फर्जीवाड़े में संलिप्ता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नरवाना निवासी संदीप गर्ग ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसका एक 500 वर्ग गज का प्लाट नरवाना जलघर के पास है।

इस प्लाट की रजिस्ट्री भी उसके नाम है लेकिन इसकी प्रॉपर्टी आईडी रतन सिंह के नाम है। जो बाद में अब अजय के नाम हो गई है। संदीप ने आरोप लगाया कि इन्होंने नगर परिषद नरवाना और तहसील कार्यालय के कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं और उसकी प्रोपर्टी को अपनी प्रोपर्टी बताते हुए प्रोपर्टी आईडी तैयार करवा ली है।

बाकायदा इन लोगों ने फर्जी तरीके से बयनामा तैयार कर प्रॉपर्टी आईडी को बदलवाया है। पुलिस ने इस मामले में रतन सिंह, अजय व सोनू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। इनमें सोनू गवाह बना हुआ दिखाया गया है। वहीं पुलिस अब इस मामले में तहसील के कर्मचारी या नगर परिषद के कर्मचारियों की संलिप्ता को जांचने का काम भी कर रही है। अगर किसी कर्मचारी की कोई मिलीभगत पाई गई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा