home page

जींद : जमीन ठेका विवाद में भतीजों ने की ताऊ की हत्या

 | 
जींद : जमीन ठेका विवाद में भतीजों ने की ताऊ की हत्या


जींद, 24 फ़रवरी (हि.स.)। नरवाना खंड के गांव दबलैन में जमीन ठेके पर देने से मना करने पर भतीजों ने अपने ताऊ की पीट-पीट कर हत्या कर दी। सदर थाना नरवाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर दोनों आरोपित भतीजों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव दबलैन निवासी 70 वर्षीय मिया सिंह की उसके भतीजे बलविंद्र तथा यादवेंद्र से जमीन को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर दोनों भाइयों ने अपने ताऊ मिया सिंह की बेरहमी से पिटाई की। चिकित्सकों ने मिया सिंह की गंभीर हालात देख पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया लेकिन परिजन उसे हिसार के निजी अस्पताल ले गए। जहां पर मंगलवार को उपचार के दौरान मिया सिंह की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

मृतक के बेटे सूर्य प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चचरे भाई बलविंद्र तथा यादवेंद्र ने उनकी जमीन ठेके पर ली थी। आरोपितों ने अभी तक ठेका राशि को नहीं दिया था। आरोपित फिर उसके पिता मिया सिंह पर पर जमीन उन्हें ठेके पर देने के लिए दबाव बना रहे थे। जब उसके पिता ने मना किया तो दोनों भाइयों ने उसके पिता मिया सिंह पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सदर थाना नरवाना पुलिस ने मृतक के बेटे सूर्यप्रकाश की शिकायत पर बलविंद्र तथा यादवेंद्र के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जानकारी देते हुए सदर थाना नरवाना प्रभारी कमल ने बताया कि मृतक के बेटे ने अपने दो चचेरे भाइयों पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा