जींद : सील की गई फैक्टरी से घी तथा ऑयल चोरी
जींद, 26 फ़रवरी (हि.स.)। पिल्लूखेड़ा के धड़ौली रोड स्थित खाद्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा सील की गई फैक्टरी का ताला तोड़ कर चोरों ने 297 सील पेटी घी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने फैक्टरी मालिक की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाउसिंग बोर्ड निवासी अमित ने पुलिस को दी शिकायत में गुरुवार काे बताया कि उसने पिल्लूखेड़ा के धड़ौली रोड पर घी फैक्टरी लगाई थी। 15 जनवरी को खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्टरी में जांच की और घी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैबोरेटरी भेजे थे। इसके बाद फैक्टरी को सील कर दिया गया था। वह पारिवारिक शादी में भाग लेने गया हुआ था। पीछे से चोरों ने 297 सील घी की पेटी सहित अन्य सामान को चोरों ने गोदाम पर लगे तालों को तोड़ कर चोरी कर लिया। चोरी का उस समय पता चला जब वह शादी से आने के बाद फैक्टरी पर पहुंचा। जब उसने फैक्टरी के अंदर जाकर देखा तो घी की पेटी सहित कीमती उपकरण चोरी थे। पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी सुखबीर सिंह ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि सील की गई फैक्टरी का ताला तोड़ कर चोरों ने सामान चोरी किया है। फैक्टरी मालिक ने फैक्टरी से घी की पेटियां चोरी होने की शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

