जींद : चावल की सौदेबाजी कर व्यापारी के एक करोड़ ठगे
जींद, 24 मार्च (हि.स.)। नरवाना शहर थाना पुलिस ने चावल की सौदेबाजी कर एक करोड़ दो लाख रुपये ठगने पर सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आर्य उपनगर निवासी अरुण गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चावल का व्यापारी है। नरवाना निवासी रोहित गोयल के कुछ रिश्तेदार भी नरवाना में रहते हैं। नरवाना के मोहित ने रोहित से मुलाकात करवाई। जिसने व्यापार करने का आश्वासन दिया। अप्रैल 2024 मे रोहित ने कुछ सौदे किए और कुछ हद तक निभाया भी। बाद में उसे पता चला कि रोहित ने कुछ व्यापारियों तथा हैफेड के साथ भी धोखाधड़ी की है। जिसका मामला दर्ज है। सितंबर 2024 में रोहित ने उसे चीका कार्यालय में बुलाया। जहां पर उसका भाई, स्टाफ मौजूद था। आरोपित रोहित ने पांच हजार क्विंटल चावल ठीक रेट में सौदा करवाने की बात कही। जिसके झांसे में आकर उसने एक करोड़ दो लाख रुपये की आरटीजीएस आरोपितों की फर्म मे करवा दी। जिसके बाद आरोपित ने न तो चावल भेजे और न ही उसके रुपये वापस लौटाए। जब उसने माल या रुपये के लिए दबाव बनाया तो आरोपित झगड़े पर उतर आए और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। शहर थाना नरवाना पुलिस ने व्यापारी मोहित की शिकायत पर रोहित, मोहित, अनूप, संदीप, रामरत्न, अमनदीप, सुखदेव के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना नरवाना प्रभारी आत्मा राम ने मंगलवार काे बताया कि चावल खरीद को लेकर धोखाधड़ी की शिकायत मिली थी। इस पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

