जींद : दंपत्ति को अमेरिका भेजने का झांसा दे ठगे लाखों रुपये
जींद, 19 मार्च (हि.स.)। गढ़ी थाना पुलिस ने दंपत्ति को वर्क वीजा पर अमेरिका भेजने का झांसा देकर 64 लाख रुपये ठगने पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओ के तहत मामला दर्ज किया है। गांव हंसडैहर निवासी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी सुखवीर कौर के साथ वर्क वीजा पर अमेरिका जाना चाहता था।
गांव शाहपुर पानीपत निवासी मौसी कृष्णा तथा उसका बेटा अमन विदेश भेजने का काम करते है। उसकी मौसी कृष्णा ने उसकी पत्नी सुखवीर कौर को अपने झांसे में ले लिया। 23 दिसंबर 2023 को दोनों आरोपितों ने उसे तथा उसकी पत्नी को वर्क वीजा पर अमेरीका भेजने के लिए 75 लाख रुपये मांगे और पहले उन्हें बीस लाख रुपये देने की बात कही। अमेरिका पहुंचने के बाद पूरी पेंमेंट करनी की बात कही। जिस पर आरोपितों के खाते में 21 लाख रुपये डाल दिए गए। जिसके बाद उन्हें दुबई बुला लिया गया और दस्तावेज तैयार करवाए। लगभग छह माह वह तथा उसकी पत्नी दुबई में रहे। वर्ष 2024 में उन्हें जमैका भेज दिया गया। एक सप्ताह वहां रहने के बाद वे वापस दुबई आ गए। इस दौरान आरोपित उनसे रुपये ऐंठते रहे। जिसके बाद उन्हें लीबिया भेज दिया गया।
वहां से निकालने के लिए उसने 14 लाख रुपये ऐंठे । जिसे नीलोखेड़ी निवासी अरूण उनके घर से ले गया। 14 अगस्त 2024 को वे दोनों वापस देश लौट आए। तब तक आरोपित उनसे 64 लाख रुपये ऐंठ चुके थे। जब उन्हें अमेरिका नहीं भेजा गया तो उन्होंने राशि वापस मांगी। जिस पर आरोपितों ने उन्हें धमकी देनी शुरू कर दी और रुपये लौटाने से भी मना कर दिया। गुरूवार को जानकारी देते हुए गढ़ी थाना के जांच अधिकारी राय सिंह ने बताया कि पुलिस ने संदीप की शिकायत पर अमन, उसकी मां कृष्णा तथा अरूण के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

