home page

जींद : बैक से गायब हुए करीब दस लाख

 | 
जींद : बैक से गायब हुए करीब दस लाख


जींद, 25 अप्रैल (हि.स.)। उचाना थाना पुलिस ने बैंक मैनेजर के पूर्व चालक के नौ लाख 90 हजार रुपये गायब होने पर बैंक मैनेजर सहित पांच लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव बीड़ बाबरान (हिसार) निवासी अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो महीने पहले बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा उचाना के मैनेजर मोनिल के पास ड्राइवर था। उस बंैक में उसका खाता भी है। गत 23 अप्रैल को उसने बैंक मैनेजर मोनिल को कुछ रुपयों की जरूरत बताई। चैक भर कर देने के बाद मैनेजर ने नौ लाख 90 हजार रुपये गिन कर बैग में रख दिए। फिर बैग कैश काउंटर पर रख कर उसे ऊपर बने कमरे में ले गया। जिसके बाद वह, मैनेजर मोनिल, बैंक कर्मी कुलदीप, नरेश, मकेश, अनिल छत पर बैठ कर शराब पीने लगे।

कुलदीप बैग को ऊपर ले आया और नरेश ने उसे कमरे में रख दिया। जिसके बाद वह खाना खाने ढाबे पर चले गए। वापस लौटने पर कुछ देर बात करने बाद मैनेजर मोनिल तथा वह कमरे पर पहुंचे। जब उन्होंने बैग को संभाला तो नगदी वाला बैग गायब मिला। उन्होंने बैक खोल कर भी छानबीन की, उनके साथ शराब पीने वाले कर्मियों के साथ संपर्क साध कर नगदी वाले बैग के बारे में पूछा लेकिन नगदी वाले बैग का कोई सुराग नही लगा। शनिवार को जानकारी देते हुए उचाना थाना के जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने अजय की शिकायत पर बैंक मैनेजर मोनिल, बैंक कर्मी कुलदीप, नरेश, अनिल, मुकेश के खिलाफ चोरी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा