home page

जींद : 10.70 ग्राम हेरोइन के साथ महिला समेत तीन गिरफ्तार

 | 
जींद : 10.70 ग्राम हेरोइन के साथ महिला समेत तीन गिरफ्तार


जींद, 27 फ़रवरी (हि.स.)। चमेला कालोनी गऊशाला के निकट सीआईए स्टाफ नरवाना ने महिला समेत तीन लोगों को काबू कर उनके कब्जे से 10 ग्राम 70 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। शहर थाना नरवाना ने पकड़े गए तीनों लोगों के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस तीनों से नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

सीआईए नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि चमेला कालोनी में गऊशाला के निकट खाली प्लाट में बाइक सवार दो युवक नशीला पदार्थ खरीदने के लिए इंतजार कर रहे है। सूचना के आधार पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो युवक बाइक को स्र्टाट कर जाने लगे। जिन्हें पुलिसकर्मियों ने काबू कर लिया। पुलिसकर्मियों ने जब युवकों की तलाशी ली तो एक युवक के पास से 10 ग्राम 70 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान गांव बकराह, जिला पटियाला (पंजाब) निवासी सतिंद्र के रूप में हुई। जबकि दूसरे की पहचान उसी गांव के हरदीप के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बताया कि उन्होंने हेरोइन चमेला कालोनी निवासी बबीती से खरीदी है। शहर थाना नरवाना पुलिस ने तीनों आरोपित के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपितों से नशे के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा