सागर: चोरी गया ई-ऑटो बरामदए शातिर हत्यारोपी गिरफ्तार
सागर, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अपराधियों और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोतीनगर पुलिस ने गुरुवार को चोरी गया कीमती ई-ऑटो ढूंढ निकाला और एक ऐसे आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा है, जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड काफी गंभीर है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी राहुल रजक (निवासी सूबेदार वार्ड) ने 5 मई 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका ई-ऑटो , जिसे चालक चन्द्रशेखर रजक चलाता है, भाग्योदय अस्पताल के पास से चोरी हो गया है। चालक सवारी छोड़ने के बाद खुले पैसे कराने गया था, तभी अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाकर वाहन पार कर दिया था। पुलिस ने तत्काल धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने अन्नू उर्फ अनिल अहिरवार (32 वर्ष), निवासी संत रविदास वार्ड को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर ₹5.30 लाख का ई-ऑटो बरामद कर लिया गया।
पकड़ा गया आरोपी अन्नू अहिरवार एक शातिर अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ साल 2023 में हत्या (धारा 302 भादवि) का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसे 14 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी। आरोपी वर्तमान में जमानत पर बाहर था और जेल से आने के बाद दोबारा वारदातों को अंजाम देने लगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

