सागरः रहली पुलिस ने 24 घंटे में अपहरण की आशंका वाले 9 वर्षीय मासूम को सकुशल किया दस्तयाब
सागर, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की रहली थाना पुलिस ने एक 9 वर्षीय नाबालिग बालक को लापता होने के महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को फरियादी हेमराज यादव (निवासी पटना मोहली, हाल ग्राम अनंतपुरा) ने थाना रहली पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनका 9 वर्षीय पुत्र आकाश यादव शाम करीब 6:00 बजे खेत के पास साइकिल चलाते समय अचानक गायब हो गया है। काफी खोजबीन के बाद जब बालक का सुराग नहीं लगा, तो किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई। पुलिस ने तुरंत धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनील शर्मा ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए रात के अंधेरे में भी हार नहीं मानी और संभावित ठिकानों, ग्रामीण इलाकों और सुनसान खेतों में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने मंगलवार को ग्राम अनंतपुरा स्थित अक्कू जैन के खेत से बालक आकाश यादव को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बालक को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

