गुप्त सूचना पर राजेश्वरी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्मैक और लोडेड देसी कट्टा बरामद
सुपौल, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजेश्वरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के ख्वालपाड़ा निवासी सुरेंद्र शर्मा के घर पर छापेमारी कर 12.23 ग्राम स्मैक, एक लोडेड देसी कट्टा और 16,390 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
टीम ने सुरेंद्र शर्मा, पिता शोभानंद शर्मा, निवासी ख्वालपाड़ा, थाना राजेश्वरी, जिला सुपौल के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 52 पुड़िया में पैक 12.23 ग्राम स्मैक, पांच कीपैड मोबाइल फोन, एक स्क्रीन टच मोबाइल, एक लोडेड देशी कट्टा, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो डिजिटल तराजू, एल्युमिनियम पेपर तथा 16,390 रुपये नकद बरामद किए।
हालांकि, छापेमारी के दौरान अभियुक्त सुरेंद्र शर्मा मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।बरामद मादक पदार्थ, अवैध हथियार एवं अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर राजेश्वरी थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

