जींद : इंस्टाग्राम पर आर्मी आफिसर बन ठगी करने का आरोपित गिरफ्तार
जींद, 07 मार्च (हि.स.)। इंस्टाग्राम पर आर्मी आफिसर बन कर ठगी करने के आरोपित को साइबर थाना पुलिस ने काबू किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान फरीदाबाद एनआईटी की पर्वतीय कालोनी निवासी प्रदीप उर्फ पिंकू के रूप में हुई है। आरोपित के पास से पुलिस ने आठ हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है।
साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीप ने शनिवार को बताया कि लक्ष्मी नगर निवासी अंकित ने साइबर थाना को शिकायत देकर कहा था कि इंस्टाग्राम पर उसकी एक लड़की से बातचीत हुई। उसने आपको मथुरा निवासी बताया। लड़की ने बताया कि उसके पिता सियाचीन में आर्मी आफिसर हैं। लड़की ने कभी इलाज के नाम परए कभी ट्रिप के नाम पर, कभी एक्सीडेंट होने के बहाने अंकित से पैसे ले लिए। हर बार उसके पिता फोन करके कहते कि वह उनके पैसे लौटा देंगे। फिलहाल उनको छुट्टी नहीं मिल रही। आरोपितों ने तीन लाख 51 हजार 490 रुपये ठग लिए। पुलिस ने अंकित की शिकायत पर 29 दिसंबर को अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी के रिकार्ड के माध्यम से इस मामले में पहले तीन आरोपितों को काबू किया था। अब इन तीनों से पूछताछ के बाद प्रदीप उर्फ पिंकू का नाम सामने आया। जिस पर प्रदीप को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से आठ हजार रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

