जींद : नशा तस्कर की गाड़ी ने मारी टक्कर, स्कूटी सवार घायल
जींद, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव गोसाईखेड़ा के निकट नशा तस्कर की गाड़ी की टक्कर से एक स्कूटी सवार व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद चालक गाड़ी को छोड़ कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से चार किलो 810 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। जुलाना थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर लापरवाही से गाड़ी चलाने, नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव मेहरड़ा निवासी मोहित ने गुरुवार काे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह स्कूटी पर सवार हो कर जुलाना की तरफ जा रहा था। गांव गोसाईखेड़ा के निकट कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसमें वह घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर चालक गाड़ी को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर जुलाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें डोडा पोस्त बरामद हुआ। जिसका वजन करवाने पर चार किलो 810 ग्राम पाया गया। जुलाना थाना पुलिस ने मोहित की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम, लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

