मकान से चोरी के जेवर और नकदी बरामद, एक आरोपित गिरफ्तार
कानपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। गुजैनी थाना क्षेत्र के बिहारी पुरवा, नई बस्ती पिपौरी में मकान से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने की घटना का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के जेवरात और 5,500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गुजैनी निवासी अनिरुद्ध सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 12 अगस्त को परिवार के सभी लोग अपने-अपने काम पर चले गए थे। दोपहर करीब 2:20 बजे उनका बेटा ड्यूटी से घर पहुंचा तो दरवाजा आधा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थी। तहरीर में उन्होंने मकान के पीछे काम करने वाले सर्वेन्द्र कठेरिया और उसके तीन-चार साथियों पर चोरी का शक जताया था।
अनिरुद्ध सिंह की तहरीर पर 14 अगस्त को गुजैनी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस टीम घटना की जांच और आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर टीम ने एकता पार्क के पास घेराबंदी कर शिवम सोनकर उर्फ प्रिन्सू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित के कब्जे से पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, एक नथिया, मंगलसूत्र का लॉकेट, सफेद धातु की तीन जोड़ी पायल और 5,500 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब पांच से छह लाख रुपये है।
पूछताछ में शिवम ने पुलिस को बताया कि उसने अपने भाई सत्याम उर्फ प्रदुम के साथ मिलकर मकान में चोरी की थी। आरोपित के बयान के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अब सत्याम की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मिले स्कूटर को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

