अपहृता बरामद, आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने बताया प्रेम प्रसंग का मामला
दरभंगा, 09 जुलाई (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत नेहरा थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले में अपहृता को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी राकेश झा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थानाध्यक्ष मोती कुमार ने बताया कि नेहरा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के लापता होने पर उसके पिता के लिखित आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 75/26 दर्ज किया गया था। प्रारंभिक शिकायत में गांव के चार लोगों पर अपहरण की आशंका जताई गई थी।
पुलिस की तकनीकी एवं मानवीय जांच के दौरान मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के महरैल गांव निवासी गोपाल झा के पुत्र राकेश झा का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार राकेश झा युवती का रिश्तेदार भी है।
मामले के अनुसंधानकर्ता एवं अपर थानाध्यक्ष निलेश कुमार लगातार दोनों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली की युवक और युवती सकरी-धरौड़ा मुख्य मार्ग से गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नेहरा हाट चौक के पास छापेमारी कर युवती को सकुशल बरामद कर लिया तथा राकेश झा को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

