कमला बलान तटबंध पर 73.6 किलो गांजा बरामद, तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
दरभंगा, 26 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में कमला बलान तटबंध पर बिसुनिया पुल के समीप रविवार शाम नदी थाना पुलिस ने दो लावारिस बोरों से 73 किलो 600 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस इसकी आपूर्ति और तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नदी थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिसुनिया पुल के समीप कमला बलान तटबंध पर दो संदिग्ध बोरे पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों बोरों की तलाशी ली तो उनमें गांजा जैसा मादक पदार्थ मिला। इसके बाद दोनों बोरों को जब्त कर थाने लाया गया।
जांच के दौरान ‘ए’ मार्का वाले बोरे से 37 किलो तथा ‘बी’ मार्का वाले बोरे से 36 किलो 600 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। दोनों बोरों से कुल 73 किलो 600 ग्राम पदार्थ मिला। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर बरामदगी के स्रोत और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

