home page

रायपुर: सुभाष नगर देवार पारा में पुलिस की दबिश, नशे से जुड़े मामलों में 17 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

 | 
रायपुर: सुभाष नगर देवार पारा में पुलिस की दबिश, नशे से जुड़े मामलों में 17 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई


रायपुर, 28 नवम्बर (हि. स.)। शहर में नशे के अवैध कारोबार और नशे के सेवन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में शनिवार काे थाना तेलीबांधा पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने सुभाष नगर (देवार पारा) क्षेत्र में दबिश देकर कुल 17 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में डिप्टी कमिश्नर पुलिस मध्य जोन तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर पुलिस विवेक शुक्ला एवं असिस्टेंट कमिश्नर पुलिस रमाकांत साहू के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में नशे से संबंधित गतिविधियों और अवैध कारोबार को लेकर लगातार सूचनाएं एवं शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त पुलिस टीम ने सुभाष नगर (देवार पारा) में दबिश दी। इस दौरान नशे का सामान बेचने और सेवन करने से जुड़ी गतिविधियों की जांच कर संबंधित व्यक्तियों को चिन्हांकित किया गया।

पुलिस ने सभी संबंधित व्यक्तियों को सलाह भी दी। वहीं, क्षेत्र में नशे की गतिविधियों के चलते विवाद और लोक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए 17 लोगों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई का उद्देश्य भविष्य में लोक शांति भंग होने और संज्ञेय अपराधों की घटनाओं को रोकना है।

कार्रवाई की जद में भरत वर्मा (18), गिरिशा चौहान (18), पिदु वर्मा (28), पप्पन साहू (30), गोपाल तेलासी (23), हुसैन कुलहरिया (19), बुलबुल उर्फ धर्मा नगरीया (45), हिम्मत चौहान (35), जुगराज जुगनिया (28), कबीर सोनी (28), अंकित ध्रुव (24), बलजीत कुलहरिया (32), मोहित कुलहरिया (19), सिंह साहू (19), भूरू उर्फ सुरेन्द्र सोनी (38), चंदन पाल (18) और अमन गोपाल (21) शामिल हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार, सेवन और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। अपराधों की रोकथाम तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर