home page

होटल के रूफटॉप पर संचालित क्लब नाइट जार रिलोडेड में चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने मारी रेड

 | 
होटल के रूफटॉप पर संचालित क्लब नाइट जार रिलोडेड में चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने मारी रेड


जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल जिला स्पेशल टीम (क्राइम ब्रांच सीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए शहर के पॉश इलाके एमआई रोड पर शनिवार को होटल की छत पर चल रहे अवैध हुक्का बार का पर्दाफाश किया। सीएसटी की टीम ने जालूपुरा थाना पुलिस के साथ मिलकर होटल ग्राण्ड चाणक्य की रूफटॉप पर संचालित ‘क्लब नाइट जार रिलोडेड’ में दबिश दी और मौके से भारी मात्रा में हुक्का सामग्री जब्त की।

डीसीपी (क्राइम) संजीव नैन के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि होटल लेजर इन ग्राण्ड चाणक्य की तीसरी मंजिल पर अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है। इस पर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में टीम गठित की और फिर टीम ने छापा मारकर नियमों की अवहेलना करते हुए हुक्का बार संचालित पाया। वहीं इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 17 हुक्के मय चिलम, 5 पाइप तथा विभिन्न फ्लेवर युक्त तंबाकू सामग्री बरामद की। वहीं हुक्का पीते हुए मिले 5 व्यक्तियों के खिलाफ कोटप्पा एक्ट के तहत चालान किए गए।

पुलिस ने बार मैनेजर ब्रिजेश निवासी चमोली (उत्तराखंड) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ जालूपुरा थाने में राजस्थान धूम्रपान प्रतिषेध अधिनियम 2000 और सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद (राजस्थान संशोधन) अधिनियम 2019 की धाराओं 4A व 21A के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश