गृह प्रवेश के दिन घर पर पुलिस का छापा, 24 लाख रुपये और 22.8 किलो गांजा बरामद
जलपाईगुड़ी, 16 अक्टूबर (हि.स.)।गृह प्रवेश समारोह के बीच पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की संयुक्त कार्रवाई से जलपाईगुड़ी शहर के आश्रमपाड़ा निवासी बाप्पादित्य सिंह के घर पर हड़कंप मच गया। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में बाप्पादित्य सिंह के घर से पुलिस ने 24 लाख रुपये नकद और करीब 22.8 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसके बाद उक्त मामले में मकान मालिक बाप्पादित्य सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी बीनापाणि ने इसकी जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को छापेमारी के दौरान बीएसएफ के प्रशिक्षित स्निफर डॉग की मदद से घर की तलाशी ली गई। इस दौरान एक ट्रॉली बैग से 24 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, आरोपितबरामद रकम के वैध स्रोत से संबंधित दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पुलिस को आशंका है कि आरोपित लंबे समय से मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ा हो सकता है। बरामद नकदी का संबंध गांजा तस्करी से होने की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार को उसे जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आगे की पूछताछ के लिए आरोपित को पुलिस रिमांड पर लिए जाएगा। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इस वर्ष मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने अब तक 48 सफल अभियान चलाए हैं। इन कार्रवाइयों में ब्राउन शुगर, फेंसिडिल, गांजा और नकदी बरामद की गई है। वहीं, मादक पदार्थों के कारोबार में कथित रूप से शामिल 72 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

