सिंधी कैंप में होटलों पर पुलिस की छापेमारी, दो संचालक व एक संदिग्ध गिरफ्तार
जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र के आसपास संचालित होटलों में रविवार को आकस्मिक जांच अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान दो होटल संचालकों और एक संदिग्ध व्यक्ति को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुछ होटल संचालक महिलाओं और संदिग्ध व्यक्तियों को अवैध गतिविधियों के लिए किराये पर कमरे उपलब्ध करा रहे थे।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में होटल संचालकों द्वारा निर्धारित नियमों के विपरीत कमरे किराये पर देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त धर्मवीर सिंह के निर्देशन में सिंधी कैंप थाना प्रभारी वंदना नरूका के नेतृत्व में विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान बस स्टैंड के आसपास स्थित होटलों की सघन जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान होटल तिरुपति पैलेस और होटल वेलकम गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर होटल संचालक कालूराम मीणा (20), हेमंत जाट (27) तथा वेलकम गेस्ट हाउस में मिले पवन सिंह (32) को गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों होटलों के मालिकों की भी तलाश की जा रही है। जांच की जा रही है कि उन्होंने होटल संचालन ऐसे लोगों को क्यों सौंपा और क्या वे अवैध गतिविधियों में उनकी कोई भूमिका या संलिप्तता है। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निगरानी एवं अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

