सागर: सुरखी में हाईप्रोफाइल जुआ फड़ का भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार, 21.24 लाख का माल जब्त
सागर, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर और थाना सुरखी पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी और योजनाबद्ध रेड को अंजाम देते हुए जुआ खेलने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह पूरी कार्रवाई 25 जून 2026 की रात को अंजाम दी गई।
पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना मिली कि थाना सुरखी क्षेत्र के अंतर्गत अगरा रोड पर स्थित गौशाला के पीछे कुछ लोग बड़े पैमाने पर हार-जीत का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सागर पुलिस और थाना सुरखी पुलिस ने तत्काल एक संयुक्त टीम का गठन किया और योजनाबद्ध तरीके से बताए गए स्थान पर दबिश दी।
अचानक पुलिस की आमद देखकर जुआ फड़ पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने चारों तरफ से घेराबंदी कर रखी थी। पुलिस ने मौके से ही जुआ फड़ का भंडाफोड़ करते हुए 09 जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा।
पकड़े गए सभी 09 आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान 'अंकुश चौहान बरकोटी' नाम का एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान जुआरियों के पास से और फड़ से भारी मात्रा में कीमती सामान और नकदी बरामद की है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब ₹21,24,000 (21.24 लाख रुपये) आंकी गई है, जिसमें नकद राशि ₹71,000 नगद
वाहनों में एक अर्टिका कार (MP15ZJ0366), अनुमानित कीमत लगभग ₹9 लाख, एक बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार, अनुमानित कीमत लगभग ₹8 लाख। मोबाइल 09 टचस्क्रीन स्मार्टफोन, कीमत लगभग ₹3.53 लाख, अन्य सामग्री में ताश आदि।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

