सागर पुलिस की जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई, 21 जुआरी गिरफ्तार
सागर, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाइयों के क्रम मे पुलिस ने रविवार की रात बहेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रुसल्ला के जंगलों में चल रहे एक विशाल जुआ अड्डे पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने मौके से 21 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुरखी, बहेरिया और सिविल लाइन थाने की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की और जुआरियों को भागने का मौका नहीं दिया। इस दौरान पुलिस ने नगद राशि: 6,45,000 रुपये, 11 चार पहिया वाहन और 22 मोटरसाइकिलें, 21 मोबाइल फोन, 01 पिस्टल (फायर आर्म) और 01 चाकू बरामद किया। नगदी समेत जब्त सामग्री की कुल कीमत 45 लाख रुपये बताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

