home page

मंदसौरः मकान में चल रहे जुए के अड्डे पर पुुलिस की दबिश, 18 गिरफ्तार, 1.46 लाख रुपये नकद बरामद

 | 
मंदसौरः मकान में चल रहे जुए के अड्डे पर पुुलिस की दबिश, 18 गिरफ्तार, 1.46 लाख रुपये नकद बरामद


मंदसौर, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में कोतवाली पुलिस ने शनिवार-रविवार की देर रात लक्ष्मण दरवाजा क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारकर जुआ खेल रहे 18 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मौके से चार अलग-अलग प्रकरणों में कुल 1 लाख 46 हजार 250 रुपए नकद, ताश के पत्ते और घोड़ी दाना बरामद किया गया।

पुलिस ने रविवार शाम कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेहरू बस स्टैंड के पीछे लक्ष्मण दरवाजा के पास एक मकान में जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। यहां कई लोग जुआ खेलते मिले।

पहले प्रकरण में लवी शर्मा निवासी गांधीनगर, रवि अग्रवाल निवासी शनि विहार कॉलोनी, राहुल निवासी प्रतापगढ़ रोड खानपुरा, राहुल जीनगर और जय अग्रवाल निवासी शनि विहार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 32 हजार 200 रुपए नकद और एक घोड़ी दाना बरामद किया गया।

दूसरे प्रकरण में फारूक मथारिया निवासी नाहर सैयद, हैदर मेव निवासी दौलतपुरा, साबिर मुल्तानी निवासी मुल्तानपुरा, राहुल मोची निवासी खानपुरा और पंकज माली निवासी खिलचीपुरा को पकड़ा गया। इनके पास से 31 हजार 500 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते मिले।

तीसरे प्रकरण में बबलू दास निवासी दशरथ नगर, जाहिद मेवाती निवासी साईं मंदिर अभिनंदन, फरियाद पेमला निवासी किटयानी और विशाल राजपूत निवासी खानपुरा को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 45 हजार 250 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए।

चौथे प्रकरण में भगवान मेघवानी पिता प्रेम मेघवानी निवासी हनुमान नगर, रणजीत भाटी पिता बाबूलाल भाटी निवासी नई आबादी, प्रतापगढ़ राजस्थान, अशोक होतवानी पिता गिरधारीलाल होतवानी निवासी लक्ष्मण दरवाजा और अख्तर शाह पिता शेर मोहम्मद शाह निवासी मुर्दादिन, मंदसौर को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 37 हजार 300 रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, चारों प्रकरणों में कुल 1 लाख 46 हजार 250 रुपए नकद जब्त किए गए। तीन मामलों में 52-52 ताश के पत्ते और एक मामले में घोड़ी दाना बरामद किया गया। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने जुआ खेलने के मामले में धारा 3/4 पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया