home page

मदरिया में फसल काटने और मारपीट का मामला: आरोपी रमन झा पर गवाहों को धमकाने का आरोप

 | 
मदरिया में फसल काटने और मारपीट का मामला: आरोपी रमन झा पर गवाहों को धमकाने का आरोप


दरभंगा, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में सकतपुर थाना क्षेत्र के मदरिया गांव में केबाला भूमि पर जबरन गेहूं की फसल काटने और मारपीट के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। इस मामले में नामजद आरोपी प्रकाश नारायण झा उर्फ रमन झा पर घटना के गवाहों को धमकाने का आरोप सामने आया है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

मदरिया निवासी कृष्ण मोहन मिश्र ने आरोप लगाया है कि आरोपी रमन झा द्वारा घटना के प्रत्यक्ष गवाहों को डरा-धमकाकर चुप कराने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि गवाहों पर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे गांव में भय का वातावरण बन गया है।

ग्रामीणों के अनुसार रमन झा पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में अभियुक्त रह चुका है और वर्तमान में भी दो मामलों में नामजद आरोपी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार वह पूर्व में मामला संख्या 2/92 में भी अभियुक्त रह चुका है।

इधर इस मामले के अनुसंधानकर्ता (आईओ) सब इंस्पेक्टर ललन प्रसाद सिंह द्वारा घटना से जुड़े साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार उपलब्ध साक्ष्य और परिस्थितियां आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पर्याप्त आधार प्रस्तुत कर रही हैं।

सकतपुर थाना पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और यदि गवाहों को धमकाने की बात सत्य पाई जाती है तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra