home page

विधायक अब्बास अंसारी पर पुलिस का शिकंजा कसने की तैयारी

 | 
विधायक अब्बास अंसारी पर पुलिस का शिकंजा कसने की तैयारी


मऊ, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ से सदर विधायक अब्बास अंसारी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। पिछले कुछ दिनों से वह लगातार मऊ जिले में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। जनसभाओं में शामिल होने, समर्थकों से मुलाकात करने और विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूदगी को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। अब पुलिस प्रशासन उन पर न्यायालय के आदेशों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए विधिक नोटिस जारी करने की तैयारी में जुट गया है।

सूत्रों के अनुसार, पिछले सप्ताह जिले में प्रवेश के दौरान अब्बास अंसारी ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और सीडीओ से मुलाकात कर न्यायालय के सामाजिक प्रतिबंध समाप्त किए जाने संबंधी आदेश की जानकारी दी थी। हालांकि उस समय उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखा और किसी भी प्रकार का बयान देने से बचते नजर आए। लेकिन इसके बाद लगातार कई कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय मौजूदगी प्रशासन के लिए सवाल खड़े करने लगी।

अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि गाजीपुर पुलिस पहले ही उन्हें नोटिस जारी कर चुकी है। उन्होंने कहा कि न्यायालय से मिली जमानत की शर्तों के अनुसार, विधायक केवल सीमित अवधि तक ही जिले में प्रवास कर सकते हैं। पुलिस का आरोप है कि अब्बास अंसारी बिना प्रशासन को सूचना दिए तीन से चार बार मऊ पहुंचे और लोगों से मुलाकात की। इस पूरे मामले में विधिक राय ली जा रही है और जल्द ही उन्हें औपचारिक नोटिस भेजा जा सकता है।

प्रशासन का कहना है कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने निर्धारित शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। यदि जांच में आदेशों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो पूरा मामला न्यायालय के संज्ञान में भी लाया जा सकता है। फिलहाल मऊ की राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं और सभी की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र