आगरमालवा में सट्टा कारोबार से जुड़े तीन लोगों का पुलिस ने निकाला जुलूस
आगरमालवा, 29 सितंबर (हि.स.)। सट्टे के कारोबार के खिलाफ मध्य प्रदेश की आगरमालवा कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप तलाई क्षेत्र में दबिश देकर सट्टा लिखते हुए तीनों आरोपितों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र में आरोपितों का जुलूस भी निकाला।
पुलिस के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में सट्टा लिखे जाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने दबिश दी। मौके पर सट्टा लिखते मिले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही सट्टे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों आरोपितों को बस स्टैंड क्षेत्र में लेकर पहुंची और उनका जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपित कथित तौर पर यह कहते नजर आए- “सट्टा लिखना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।” मौके पर मौजूद लोगों के बीच आरोपितों के इस कथन की भी चर्चा रही।
पुलिस की इस कार्रवाई को सट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में की गई कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

