जबलपुर: पुलिस के ऑपरेशन गरिमा के तहत कार्रवाई पर बजरंग दल ने थाना घेरा
जबलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन गरिमा’ के तहत की गई कार्रवाई के विरोध में गुरुवार देर रात संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए मुख्य सड़क पर चक्का जाम होने से यातायात प्रभावित रहा।
कार्रवाई के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में संजीवनी नगर थाने पहुंचे और अजय कोस्टा को छोड़ने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि‘ऑपरेशन गरिमा’ का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत सभी कार्रवाई कानून के दायरे में की जा रही है और किसी भी प्रकार के दबाव में पुलिस अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटेगी।
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल के निर्देशन में शहर के स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों के आसपास मनचलों तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान उपलब्ध तथ्यों के आधार पर गढ़ा थाना क्षेत्र निवासी अजय कोस्टा के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
सूचना मिलते ही गोरखपुर संभाग के सीएसपी महादेव नागोतिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने और सड़क जाम की घटना के संबंध में भी नियमानुसार जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

